मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, 8 फरवरी से बदलेगा मौसम, तेज़ हवाओं के साथ बरसेंगे बादल

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, 8 फरवरी से बदलेगा मौसम, तेज़ हवाओं के साथ बरसेंगे बादल पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के चलते दिल्ली, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल में बारिश और बर्फबारी जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक सोमा राय के अनुसार, इस बदलाव के कारण उत्तर भारत के तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना है। बीते दिनों सक्रिय हुए दो पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली समेत कई राज्यों में हल्की बारिश हुई, जिससे ठंड बढ़ गई।

राजस्थान में कड़ाके की ठंड, तापमान 3 डिग्री तक गिरा

राजस्थान के कई जिलों में ठंड का असर बना हुआ है। गुरुवार को जयपुर और कोटा में शीतलहर चली, जिससे न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। सीकर के फतेहपुर में तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि नागौर और लूणकरणसर में 3.8 डिग्री, करौली में 4.4 डिग्री, दौसा में 5.1 डिग्री और संगरिया में 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा, जिससे ठिठुरन बढ़ गई।

दिल्ली में बारिश के आसार, ठंडी हवाओं का असर

दिल्ली में भी पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिल रहा है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। इससे पहले दिल्ली में तापमान 10 डिग्री से ऊपर था। मौसम विभाग के अनुसार, 8 से 12 फरवरी के बीच दिल्ली में तेज़ हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। वहीं, 13 फरवरी के बाद मौसम शुष्क रहेगा और ठंड में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment