भोपाल-नागपुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार दो दोस्तों की मौत

भोपाल-नागपुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार दो दोस्तों की मौत शुक्रवार देर शाम मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुख्यालय पर भोपाल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भयानक सड़क हादसा हो गया। सोनाघाटी इलाके में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इनमें से एक युवक का कल जन्मदिन था। संभवतः दोनों दोस्त जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

Also Read :- जबलपुर में निजी स्कूलों पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, अवैध फीस वसूली के मामले में 38 करोड़ लौटाने का आदेश

अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, रूपेश उर्फ भैय्यू पिता बिहारीलाल उक्कडले (28 वर्ष) और शिवशंकर पिता पुण्यजी बारसकर (38 वर्ष) निवासी महदगांव, शुक्रवार देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे। तभी सोनाघाटी में कट्टी पहाड़ी के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही सोनाघाटी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई। इसके बाद दोनों युवकों के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया। आज पोस्टमार्टम के बाद दोनों का अंतिम संस्कार ताप्ती घाट खेड़ी संवालिगढ़ पर किया जाएगा।

जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे दोनों दोस्त

पुलिस के अनुसार, कल रूपेश का जन्मदिन था। माना जा रहा है कि दोनों दोस्त किसी ढाबे पर जन्मदिन मनाने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, उस वाहन की तलाश की जा रही है जिसने बाइक को टक्कर मारी।

गांव में शोक का माहौल

दोनों युवकों की एक साथ मौत से महदगांव में शोक का माहौल है। गांववाले उनके परिवारों के साथ इस दुखद घड़ी में खड़े हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment